प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जगमगाया भोथीपारखुर्द: 22 घरों में लगे सोलर पैनल, कलेक्टर ने किया सम्मानित

त्वरित खबरे ;हर्ष कुमार गुप्ता

राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लगातार सफलता की नई इबारत लिख रही है। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को तेजी से बढ़ावा मिल रहा है। इसी कड़ी में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भोथीपारखुर्द में आयोजित सूर्यसभा के दौरान योजना की उल्लेखनीय उपलब्धियां सामने आईं। गांव के 22 घरों में सोलर पैनल स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है और सभी घरों में बिजली कनेक्शन भी चालू कर दिए गए हैं। वहीं 21 अन्य घरों में सौर पैनल लगाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके अलावा लगभग 10 नए आवेदन वेंडर चयन की प्रक्रिया में हैं। गांव में बड़ी संख्या में सोलर कनेक्शन लगने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है।

सूर्यसभा में कलेक्टर जितेन्द्र यादव शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह सहित विद्युत विभाग और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा पहुंचाना है। योजना के तहत लोगों के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली बिल या तो पूरी तरह समाप्त हो रहा है या बहुत कम हो रहा है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है, जिससे आम लोगों को इस योजना का लाभ लेने में आसानी हो रही है।

कलेक्टर यादव ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता भी मजबूत हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सक्रिय भागीदारी करने वाले दो लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। प्रशासन का मानना है कि इससे अन्य ग्रामीणों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए आगे आएंगे।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा योजना की लगातार मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और फील्ड स्तर पर सक्रिय कार्यवाही की जा रही है। यही कारण है कि यह योजना अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे बताए जा रहे हैं। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल कौशलेन्द्र पाण्डेय, जनपद पंचायत सीईओ मनीष साहू तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्वच्छ, सस्ती और निरंतर ऊर्जा के लिए सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की है।