सुशासन तिहार 2026: घुघवा क में जनसमस्या निवारण शिविर में 623 आवेदन, 106 का मौके पर निराकरण; सांसद विजय बघेल ने किया निरीक्षण एवं हितग्राहियों को वितरित किए लाभ

त्वरित खबरें ( अरुण रेपोर्टिंग )

दुर्ग,  जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुघवा क के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में आज सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

शिविर में कुल 623 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 106 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। शिविर में पचपेडी, खम्हरिया कु, कोपेडीह, औंधी, सांकरा, उफरा, नारधी, पाहंदा अ, झीट, बटंग, घुघवा ज, रूही, अमलीडीह, जमराव, जामगांव एम, मोतीपुर, महुदा, अमेरी एवं करगा सहित आसपास के अनेक ग्रामों के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर के दौरान सांसद  विजय बघेल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निराकरण समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

सांसद  बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में 10 जून तक सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को ग्राम स्तर तक पहुँचाकर जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएँ उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्राम घुघवा क में इस योजना के तहत 60 घरों को लाभ मिला है, जिससे ग्रामीणों के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने अन्य ग्रामीणों से भी इस योजना का लाभ लेने की अपील की।

शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। एक दिव्यांग हितग्राही को व्हील चेयर एवं श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। मनरेगा अंतर्गत 07 श्रमिकों को 100 दिवस कार्य पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। 04 हितग्राहियों को लर्निंग लाइसेंस, 04 को सुपोषण टोकरी तथा 03 को आभा आईडी कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही 04 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी सौंपी गई, 10 को राशन कार्ड, 03 को जॉब कार्ड तथा 03 लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्वामित्व योजना के तहत 25 हितग्राहियों को अधिकार पत्र वितरित किए गए, वहीं 35 स्वच्छताग्राहियों को सम्मान पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष  क्रीर्ति नायक, जनपद सदस्य पाटन  कुसुम लता, सरपंच शैलेन्द्री साहू, भूषण भारद्वाज, सरपंच  गायत्री साहू, सभापति जनपद पंचायत पाटन  प्रणव शर्मा, एसडीएम  लवकेश ध्रुव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जागेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर का समापन ग्रामीणों की संतुष्टि और प्रशासनिक प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।