जबलपुर की पनागर पुलिस ने दो शातिर चोरों से 12 बाइक जब्त किए। आरोपी बिना नंबर की बाइक पड़ाव चौराहे पर बेचने पहुंचे थे। तभी पुलिस को सूचना मिली और टीम ने मौके पर पहुंच कर आरोपियों को दबोच लिया। एक आरोपी को एक साल पहले ओमती पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों ने 11 बाइक 7-8 हजार रुपए में गिरवी रखा था। 6 बाइक के मालिकों का पता चल गया है।
पनागर टीआई आरके सोनी के मुताबिक 23 जनवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि पड़ाव चौराहे पर दो युवक बिना नंबर की बाइक सस्ते में बेचने की बात कर रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंच कर दोनों को दबोच लिया। उनकी पहचान आजाद वार्ड दिलीप पटेल के मकान में रहने वाले सूरज कुशवाहा (30) और विनोवा भावे वार्ड पनागर निवासी किशन कुशवाहा (26) के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक के दस्तावेज मांगे तो दोनों दिखा नहीं पाए।
हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो 11 और बाइक मिली
दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गई। वहां पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उक्त बाइक चोरी की है। दोनों ने उसे रानीताल थाना लार्डगंज से चुराई थी। पूछताछ में आरोपियों से 11 और चोरी की बाइक की जानकारी मिली। इसमें 7 बाइक किशन ने तो 5 बाइक सूरज के हिस्से में आई थी। दोनों ने उक्त बाइक जरूरत बता अलग-अलग लोगों को 7 से 8 हजार रुपए में गिरवी में रखा था। पुलिस ने 11 बाइक और जब्त किए।
जबलपुर व कटनी से चुराई थी बाइक
आरोपियों ने जबलपुर के अलावा कटनी से बाइक चुराई थी। पनागर टीआई आरके सोनी के मुताबिक अब तक 6 बाइक के मालिकों का पता चल गया है। आरोपियों ने कटनी के बहोरीबंद और जबलपुर में पनागर, मझौली, लार्डगंज, मदनमहल, विजय नगर से एक-एक बाइक चुराई थी। इनके मालिकों का पता चल गया है। वहीं 6 अन्य बाइक के मालिकों का पता नहीं चल रहा है। आरोपियों ने दो बाइक के नंबर ही घिस कर मिटा दिए हैं। पुलिस इनका पता लगाने में जुटी है।
शातिर चोर हैं आरोपी
दोनों आरोपी शातिर चोर हैं। सूरज को एक साल पहले ओमती पुलिस ने चोरी की बाइक के मामले में गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी चोरी की बाइक को गिरवी रखकर मिले पैसे से ऐश करते थे। वे शराब के लती हैं। शराब पीने, दोस्तों को पार्टी देने और मंहगे कपड़े-जूते पहनने के शौकीन हैं। एसपी ने खुलासा करने वाली पनागर पुलिस को पुरस्कृत करने की बात कही है।