मुरैना में शादी समारोह में किया हर्ष फायर,

त्वरित ख़बरें - हर्ष फायर ने छीनी जिंदगी, एक की मौत, एक घायल, हरी तोमर मृतक

मुरैना के अंबाह कस्बे में हर्ष फायर से दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरा व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। घटना बुधवार की देर रात की है।

शादी समारोह कस्बे के द्रोपदी गार्डन में चल रहा था। कस्बे के ब्रजेश प्रसाद समाधिया के लड़के दिनेश समाधिया की शादी थी। सभी लोग समारोह में मग्न थे। उसी दौरान किसी व्यक्ति ने हर्ष फायर करना शुरु कर दिया। व्यक्ति शायद शराब के नशे में था। गोली ऊपर जाने के बजाय सीधे सामने की ओर चल गई। जिस जगह गोली चली उस जगह खाना बन रहा था। वहां हरी तोमर नामक युवक खड़ा था। एक गोली उसे लगी तथा दूसरी गोली खाना बनाते हुए हलवाई राजेश खटीक के जा लगी। गोली की आवाज तथा दोनों के कराहने की आवाज सुनकर लोगों का ध्यान उधर गया। देखा तो दोनों खून से लथपथ जमीन पर गिरे थे। खून देखकर शादी में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में लोगों ने दोनों को उठाया और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे वहां डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रैफर कर दिया। रात में ही उन्हें ग्वालियर लाया गया जहां ट्रामा सेन्टर में इलाज के दौरान हरी तोमर, निवासी खान का पुरा की मौत हो गई। उधर राजेश खटीक का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके उसकी गोली निकाल दी है।

गर्म रोटी के चक्कर में चली गई जान

शादी समारोह में हरी तोमर भी गया हुआ था। वह खाना खा रहा था। उसने सोचा की गर्म रोटी तंदूर से ले आएं, यही सोचकर वह सीधा तंदूर पर ही रोटी लेने चला गया। राजेश खटीक तंदूर पर रोटी सेंक रहा था। उसी दौरान समारोह में शामिल युवक ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरु कर दीं। गोलियां हवा में चलने के बजाय सीधा उनके जाकर लगी जिससे रोटी सेक रहे हलवाई राजेश खटीक के गोली लगी और रोटी लेने पहुंचे हरी तोमर के गोली जा लगी।
रिश्तेदार ने चलाई गोलियां शाम तक होगा खुलासा
पुलिस के मुताबिक समाधिया परिवार के किसी खास रिश्तेदार ने ही गोलियां चलाई हैं। उसने शराब पी रखी थी। पुलिस के मुताबिक शाम तक गोलियां चलाने वाला का खुलासा हो जाएगा। इस मामले में समाधिया परिवार के लोग उसकी मदद कर रहे हैं।