बेमेतरा /वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सायबर सेल बेमेतरा पुलिस टीम ने थाना बेमेतरा, नवागढ़ एवं दाढ़ी क्षेत्र में एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर चोरी करने के प्रयास एवं चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी द्वारा विभिन्न स्थानों पर एटीएम मशीनों को गैस कटर व वेल्डिंग मशीन से काटकर तोड़फोड़ की गई थी। दिनांक 12-13 सितंबर 2025 की रात्रि ग्राम छिरहा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में यूपीएस मशीन चोरी की गई। वहीं 26 नवंबर 2025 को ग्राम कठिया एवं 18 दिसंबर 2025 की रात्रि नवागढ़ क्षेत्र में एटीएम मशीन तोड़कर रकम चोरी करने का प्रयास किया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान ग्राम खाम्ही निवासी पुखराज साहू (21 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने तीनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन कलर ट्रेडिंग गेम में लगभग तीन लाख रुपये हार गया था, जिसके कर्ज चुकाने के लिए उसने एटीएम मशीन तोड़ने की योजना बनाई।
आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सब्बल, गैस कटर, गैलेंडर मशीन, वेल्डिंग मशीन, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 EF 4205) जब्त की गई है। आरोपी को दिनांक 23 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी दाढ़ी निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव सहित सायबर सेल एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।