कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने बुधवार को साप्ताहिक दौरे के दौरान छुरिया ब्लाॅक के ग्राम गहिराभेड़ी के उप स्वास्थ्य केन्द्र और ग्राम बैरागीभेड़ी के उचित मूल्य दुकान में अचानक पहुंचे। ग्राम गहिराभेड़ी के उप स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक टीकाकरण का कार्य कर रहे थे। कलेक्टर सिन्हा ने वहां टीकाकरण की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सभी पात्र नागरिकों का शत प्रतिशत टीकाकरण करें। कोविड-19 की सुरक्षा के लिए गांव में कोरोना टेस्ट करें। सर्दी, खासी, बुखार लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर दवाई उपलब्ध कराएं। उन्होंने मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के वैक्सीनेशन की जानकारी ली। चिकित्सक ने बताया कि फ्रंट लाइन में कार्य करने वाले सभी का टीकाकरण कर लिया गया है।
बैरागीभेड़ी की राशन दुकान का किया निरीक्षण: कलेक्टर सिन्हा ने बैरागीभेड़ी के उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चावल लेने आए हितग्राहियों से चर्चा कर वहां मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उचित मूल्य दुकान के संचालक ने बताया कि वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत डिजिटल माध्यम से रसीद काटी जाती है। इससे कार्य करने में आसानी होती है। दसवीं का छात्र दीपक अपने घर के लिए चावल लेने आया था। कलेक्टर ने छात्र से उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा।