योजना सेचुरेशन के मामले में मैनपुर को गोल्ड और गरियाबंद को मिला कांस्य पदक बेहतर कार्यों के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित राजिम विधायक रोहित साहू एवं बिन्द्रानवागढ़ विधायक श्री जनक ध्रुव कार्यक्रम में हुए शामिल...
गरियाबंद 29 जुलाई 2025 I भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत आज गरियाबंद के गांधी मैदान स्थित मंगल भवन में सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आकांक्षी ब्लॉक में शामिल गरियाबंद एवं मैनपुर विकासखण्ड में योजनाओं के सेचुरेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। नीति आयोग के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दोनों विकासखण्डों ने विशेष उपलब्धि हासिल की है। मैनपुर विकासखण्ड ने गोल्ड मेडल और गरियाबंद विकासखंड ने कांस्य पदक हासिल किया है। यह सम्मान स्वास्थ्य, शिक्षा, सुपोषण, कृषि, पेयजल और सामाजिक विकास जैसे बुनियादी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र के विधायक जनक राम ध्रुव ने की। मैनपुर विकासखण्ड की ओर से गोल्ड मैडल मैनपुर जनपद सीईओ सुश्री श्वेता वर्मा एवं गरियाबंद जनपद के सीईओ के.एस. नागेश ने कांस्य पदक अतिथियों के करकमलों से प्राप्त किया। साथ ही योजनाओं को पूर्ण करने में उत्कृष्ट भागीदारी निभाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय पारंपरिक उत्पादों को मजबूती करने के लिये आकांक्षा हॉट का भी आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत स्व-सहायता समूह एफपीओ, स्वास्थ्य, कारीगरों, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं का जायजा लिया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, मैनपुर जनपद अध्यक्ष श्रीमती मोहना नेताम, अनिल चन्द्राकर, जिला पंचायत सीईओ जी.आर. मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, नागरिकगण एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी आकांक्षी ब्लॉकों की डेल्टा रैंकिंग में मैनपुर और गरियाबंद ने अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम से देश के 500 पिछड़ों ब्लॉकों में शामिल जिले के दो पिछड़े ब्लॉक का भी समन्वित विकास हो रहा है। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिला और योजनाओं का सेचुरेशन हासिल किया गया। कृषि, स्वास्थ्य, पीएचई, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, लीड बैंक, एनआरएलएम और शिक्षा विभाग जैसे प्रमुख विभागों ने निरंतर श्रम और प्रतिबद्धता से योजनाओं का क्रियान्वयन किया। इससे क्षेत्रवासियों को सीधे तौर पर लाभ मिला। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी।
बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि मैनपुर और गरियाबंद जैसे दुर्गम क्षेत्रों में योजनाओं का सफल कार्यान्वयन पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। सभी को बधाई। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के उपलक्ष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पंचायत सहित अन्य विभाग के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। जो कि क्षेत्र में बेहतर कार्य एवं उनके मेहनत व लगन को दर्शाता है। इससे क्षेत्रवासियों को स्पष्ट रूप से योजनाओं से जुड़ने एवं उनका लाभ लेने का अवसर मिला।
कलेक्टर बी.एस. उइके ने कार्यक्रम में बताया कि आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम अंतर्गत जुलाई 2024 से सितंबर 2024 संपूर्णता अभियान के दौरान विकासखंड मैनुपर ने सभी 06 संकेतों में शत प्रतिशत संतृप्ति एवं विकासखण्ड गरियाबंद ने 04 संकेतकों में शत् प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त करने में विशेष भूमिका निभाई है। विभिन्न विभागों ने योजनाओं के तहत लोगों को लाभान्वित करने के लिए गंभीरता एवं सक्रियतापूर्वक कार्य किया। इसके तहत कुपोषण मुक्ति, स्वास्थ्य जांच, मृदा हेल्थ कार्ड, किसान सम्मान निधि, स्कूल आंगनबाड़ी में उपस्थिति आजीविकामूलक गतिविधियां एवं महिलाओं के टीकाकरण एवं सुपोषण में महत्वपूर्ण कार्य किया गया। इसके फलस्वरूप नीति आयोग ने देशभर की जारी रैकिंग में जिले के दोनो विकासखण्डों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के सराहा। सम्पूर्णता अभियान कार्यक्रम में पाँच प्रमुख क्षेत्र चिन्हित किए गए है। इसमें स्वास्थ्य और पोषण, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियाँ, शिक्षा, सामाजिक विकास एवं मूलभूत संरचना शामिल है। इन क्षेत्रों से जुड़े कुल 40 संकेतकों के माध्यम से यह मूल्यांकन किया जाता है कि किसी ब्लॉक की प्रगति की दिशा क्या है और कहां सुधार की आवश्यकता है। आकांक्षी ब्लॉको के विकास के लिए केंद्र व राज्य सरकार मिलकर प्रयास कर रही हैं ताकि इन क्षेत्रों को मुख्यधारा में लाया जा सके। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत जुलाई 2024 से सितंबर 2024 तक नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संपूर्णता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य चयनित ब्लॉकों में निर्धारित संकेतकों को तीन महीनों के भीतर 100 प्रतिशत संतृप्त करना था। इन संकेतकों में स्वास्थ्य से जुड़े तीन संकेतक, एक पोषण से संबंधित संकेतक, एक कृषि से संबंधित संकेतक मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण और एक संकेतक एनआरएलएम के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड प्रदान करना शामिल है।