भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका इन दिनों बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ऐसे में भारत श्रीलंका की मदद को आगे आया है और 6670 करोड़ रुपये से मदद की बात कही है। इसमें 2965 करोड़ की करेंसी अदला-बदली और 3705 करोड़ का डेफर्ड पेमेंट शामिल है। भारतीय हाई कमिशनर गोपाल बागले ने श्रीलंका के सेंट्रल बैंक अजित निवार्ड कबराल से मुलाकात की है और मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत श्रीलंका के साथ मजबूती के साथ खड़ा है।
बासिल राजपक्षे ने नई दिल्ली से की थी मदद की अपील
बता दें कि श्रीलंका के वित्तमंत्री बासिल राजपक्षे ने दिसंबर 2021 में नई दिल्ली का दौरा किया था और आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका की मदद की अपील की थी। इकॉनमिक एक्सपर्ट्स का मानना है कि श्रीलंका गंभीर आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे है क्योंकि श्रीलंका को करोड़ों के कर्ज चुकाने हैं। इस कारण से श्रीलंका नए कर्ज के जाल में फंस सकता है।
श्रीलंका ने चीन से भी मांगी है मदद
श्रीलंका ने चीन से भी कई करोड़ का कर्ज लिया हुआ है और चीन से भी मदद की अपील की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि पिछले सप्ताह चीनी विदेश मंत्री वांग यी की कोलंबो यात्रा के दौरान भी श्रीलंका ने चीन से मदद की गुहार लगाई थी।