फिर हुई मौत, फिर वही लिफ्ट! चौहान स्टेट में युवक की लिफ्ट से गिरकर मौत ,चार महीने में गई दूसरी जान..

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

भिलाई के सुपेला इलाके में स्थित चौहान स्टेट की लिफ्ट एक बार फिर मौत का कारण बन गई। मंगलवार सुबह एक युवक लिफ्ट के होल में गिर गया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। ये हादसा पिछले चार महीनों में दूसरा है, जिसने लोगों की चिंता और गुस्से को और गहरा कर दिया है।

29 अप्रैल, मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे सुपेला पुलिस को खबर मिली कि चौहान स्टेट की लिफ्ट से एक युवक गिर गया है। पुलिस मौके पर पहुँची तो देखा कि युवक लिफ्ट के नीचे गिरा पड़ा है। तुरंत SDRF की टीम को बुलाया गया।

 SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रस्सियों की मदद से बड़ी सावधानी से युवक को बाहर निकाला। बाहर निकालते वक्त युवक जिंदा था। उसका नाम राजा बांदे (40 वर्ष) था, जो डुंडेरा उतई के सुभाष चौक का निवासी था।

 अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
राजा बांदे को स्ट्रेचर पर रखकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव को मरचुरी में रखा गया है।

 पुलिस जांच में सामने आई चौंकाने वाली बात
सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि चौहान स्टेट के गार्ड के मुताबिक युवक वहां किसी भी व्यवसायिक परिसर से जुड़ा नहीं था। वो अचानक सुबह ऊपर दिखाई दिया और बिना कुछ कहे लिफ्ट का बंद गेट खोलकर कूद गया।

 लिफ्ट थी नीचे, दरवाजा ऊपर खुला!
हादसे के वक्त लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर पर थी। युवक ने चौथी मंजिल पर लिफ्ट का दरवाजा खुला देखा और ये समझा कि लिफ्ट रुकी है। जैसे ही अंदर घुसा, वो सीधा नीचे गिर गया।