भिलाई के पावर हाउस फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे के बाद प्रशासन एक्शन में आ गया है। घटना में बाइक सवार तीन युवक खड़ी पिकअप से टकरा गए थे, जिससे दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिज के नीचे खड़ी जर्जर और अनुपयोगी गाड़ियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
यातायात पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रिज के नीचे लंबे समय से 15 कंडम वाहन खड़े थे। पुलिस ने क्रेन की सहायता से इन सभी गाड़ियों को वहां से हटवाया। इसके अतिरिक्त नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 32 अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। दुर्ग ट्रैफिक एएसपी ऋचा मिश्रा ने बताया कि सभी वाहनों का चालान ऑनलाइन माध्यम से किया गया है।
पहले भी दी गई थी चेतावनी, नहीं माने वाहन स्वामी
यह पहली बार नहीं है जब ट्रैफिक पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है। इससे पूर्व भी पुल के नीचे खड़े पुराने वाहनों को हटाने के निर्देश दिए जा चुके थे। इसके साथ-साथ आसपास मौजूद गैरेज संचालकों को भी गाड़ियों को न खड़ा करने की सख्त हिदायत दी गई थी। बावजूद इसके, वाहन स्वामियों और गैरेज मालिकों ने गाड़ियों को हटाने में कोई रुचि नहीं दिखाई। नतीजतन, प्रशासन को दोबारा सख्त कदम उठाने पड़े।