सीआईएसएफ के 4 जवान सहित 38 नए संक्रमित मिले

त्वरित ख़बरें - कोरोना के एक्टिव केस 137 हो गए, संक्रमण दर 1.7 प्रतिशत

जिले में सोमवार को फिर 30 से ज्यादा 38 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इनमें सीआईएसएफ के 4 जवान और एक 13 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। सभी मरीजों में 9 ऐसे जो कि वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके हैं। अधिकतर मरीजों में सर्दी, खांसी, जुकाम के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। अभी किसी को सांस लेने में तकलीफ नहीं हुई है। 38 मरीजों में 34 की पहचान आरटीपीसीआर टेस्ट से हुई है। सिर्फ 2 एंटीजेन किट और 2 ट्रू-नॉट जांच से ट्रेस हुए हैं। नए मरीजों से जिले में अब तक मिले कुल कोरोना मरीजों की संख्या 97228 हो गई है। इसमें 95285 मरीज रिकवर हुए हैं। अब तक कुल 1806 मरीजों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 137 हो गई है।

एक्टिव मरीजों में दुर्ग प्रदेश में 5 वें स्थान पर
दूसरी लहर के बाद प्रदेश के जिन पांच जिलों में कोरोना पांव पसार रहा है, उसमें दुर्ग शामिल हो गया है। सबसे ज्यादा 301 एक्टिव कोरोना मरीज रायपुर में हैं। 257 एक्टिव मरीज होने से रायगढ़ को दूसरा और 235 मरीज होने से बिलासपुर का तीसरा स्थान है। 1137 एक्टिव मरीज दुर्ग मेंं और 97 एक्टिव कोरोना मरीज कोरबा में हैं।

इन क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना के मरीज
इस्पात नगर, सीआईएसएफ उतई, आशीष नगर, साकेत कॉलोनी, कातुलबोर्ड, हुडको, नेहरू नगर, बाबादीप सिंह नगर, सेक्टर-3, रुआबांधा सेक्टर, मरोदा सेक्टर, कचांदुर, सीआईएसएफ बीएसपी यूनिट, हाउसिंग बोर्ड, सेमरिया, अहिवारा, मैत्री नगर, शिवाजी नगर कोहका सहित अन्य शामिल हैं। दुर्ग में न्यू दीपक नगर, आदित्य नगर, पद्मनाभपुर में संक्रमित मिले हैं।

मरीज बढ़े लेकिन संक्रमण दर अब भी 5 से कम
राहत की बात यह कि सोमवार को मिले नए मरीजों की संख्या रविवार से 5 ज्यादा 38 जरूर रही, लेकिन संक्रमण दर कम रही है। क्योंकि सोमवार को कुल 2156 सैंपलों की जांच की गई है। इसीलिए सोमवार को संक्रमण दर 1.7 % आई है। जबकि रविवार को 733 सैंपलों की जांच के कारण यह 4.5 % थी। इस प्रकार संक्रमण की दर अब भी कम है।

पांच दिन में 117 नए मरीज मिले, 24 अस्पताल में भर्ती
चिंता की बात यह कि पिछले 5 दिनों में जिले में कुल 117 नए कोरोना मरीज मिले हैं। रिकवरी को देखें तो इस दौरान मात्र 18 मरीजों की रिकवरी हुई है। इसमें भी सबसे ज्यादा 13 मरीजों की रिकवरी सोमवार को हुई है। इससे पहले रोज की अधिकतम रिकवरी 5 मरीजों तक रही है। खबर है कि संक्रमितों में 24 अस्पताल में भर्ती हैं। अन्य का घर में होम आइसोलेशन में इलाज हो रहा है।

अलर्ट: आज स्वास्थ्य विभाग करेगा मॉकड्रिल
कोरोना के बढ़ते मरीजों की वजह स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मंगलवार को उसने कोविड अस्पताल कचांदुर में मॉक ड्रिल करने का फैसला लिया है। इस संदर्भ में वहां पदस्थ कर्मियों को सभी तैयारी कर लेने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसे लेकर सोमवार को सीएमएचओ कार्यालय में मीटिंग रखी गई है। सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना नियमों का पालन करें।