U-19 एशिया कप फाइनल LIVE:भारत के सामने 99 रन का टारगेट,

त्वरित ख़बरें - श्रीलंका के 6 खिलाड़ी सिंगल डिजिट में आउट, विकी ओस्तवाल ने चटकाए 3 विकेट

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने भारत के सामने 99 रन का टारगेट रखा है। बारिश के चलते दो घंटे तक रुके मुकाबले को अब 38 ओवर का कर दिया गया है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए SL ने 9 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए। डकवर्थ लुइस नियम के आधार पर टीम इंडिया को अब 38 ओवर के खेल में 99 रन बनाने होंगे।

क्या दोनों टीमें बनेगी जॉइंट विनर?
भारतीय टीम 8वीं बार U-19 एशिया कप का फाइनल खेल रही है। टीम अभी तक कुल 7 बार ये खिताब अपने नाम कर चुकी है। 2012 में भारत और पाकिस्तान जॉइंट विनर रहे थे। आज भी अगर बारिश के चलते मुकाबला रद्द कर दिया गया, तो भारत और श्रीलंका को अंडर-19 वर्ल्ड कप के नियमों के आधार पर जॉइंट विनर घोषित किया जाएगा।

SL के बल्लेबाजों ने किया निराश
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला श्रीलंका के लिए सही नहीं रहा। चौथे ओवर में रवि कुमार चामिंडु विक्रमसिंघे को आउट कर टीम को पहला झटका पहुंचाया। विक्रमसिंघे 2 रन बनाकर आउट हुए। राज बावा के खाते में SL का दूसरा विकेट आया, उन्होंने शेवोन डेनियल 6 रन को आउट किया। अंजला बंडारा 9 रन बनाकर कौशल तांबे की गेंद पर LBW आउट हुए। कौशल ने इसके बाद पवन पथिराजा (4 रन) को बोल्ड किया।

ओस्तवाल का कमान
SL का 5वां विकेट सदिशा राजपक्षे (14 रन) के रूप में गिरा। उनका विकेट विकी ओस्तवाल के खाते में आया। विकी यहीं नहीं रुके और इसके बाद अपने एक ही ओवर में विपक्षी टीम को 2 झटके पहुंचाए। 27वें ओवर में लेग स्पिनर विकी ने पहली गेंद पर कप्तान दुनिथ वेलालेज 9 रन और तीसरी गेंद पर रानुदा सोमराथने (7 रन) को LBW आउट किया।

  • मैच में श्रीलंका ने पहली बाउंड्री 88 गेंदों के बाद 14.4 ओवर में लगाई थी।
  • श्रीलंका के छह खिलाड़ी सिंगल डिजिट में आउट हुए।
  • यासिरू रोड्रिगो 19 रनों के साथ श्रीलंकाई पारी के टॉप स्कोरर रहे।

टीम इंडिया का इतिहास शानदार
भारतीय टीम 8वीं बार एशिया कप के फाइनल में खेल रही है। टीम इंडिया सात बार की एशिया कप अपने नाम कर चुकी है। वह एशिया कप की सबसे सफल टीम रही। भारत सिर्फ 2017 में फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी। श्रीलंकाई टीम का ये पांचवां फाइनल है। वह इससे पहले 1989, 2003, 2016 और 2018 का खिताबी मुकाबला खेल चुकी है। श्रीलंका 2018 के फाइनल में भारतीय टीम के हाथों हार गई थी।

सेमीफाइनल में दोनों टीमों का प्रदर्शन

एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 103 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए थे। 90 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले शेख रशीद टॉप स्कोरर रहे। वहीं, BAN के लिए कप्तान रकीबुल हसन के खाते में 3 विकेट आए।

बांग्लादेश के सामने 244 रनों का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 38.2 ओवर में 140 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। जीत के साथ ही युवा भारतीय ब्रिगेड ने 8वीं बार अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से होगा।

श्रीलंकाई टीम ने टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान के सामने सिर्फ 148 रनों का टारगेट रखा था, जिसके जवाब में PAK 125 रन ही बना सका और मुकाबला 22 रनों से हार गया।

दोनों टीमें-
IND
- हरनूर सिंह, अंगकृष रघुवंशी, शेख रशीद, यश धुल (कप्तान), निशांत सिंधु, राज बावा, आराध्या यादव (विकेटकीपर), कौशल तांबे, राजवर्धन हैंगरगेकर, विकी ओस्तवाल, रवि कुमार।

SL- चामिंडु विक्रमसिंघे, शेवोन डेनियल, दुनिथ वेलालेज (कप्तान), रानुदा सोमराथने, रवीन डी सिल्वा, ट्रेवीन मैथ्यू, अंजला बंडारा (विकेटकीपर), यासिरू रोड्रिगो, पवन पथिराजा, सदिशा राजपक्षे, मथीशा पथिराना।