एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार...

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

छग, सूरजपुर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए आज सूरजपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बता दें कि पटेल इसी महीने सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही ACB की टीम ने उन्हें रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। 

शिकायत और जाल बिछाने की प्रक्रिया

रामरति पब्लिक स्कूल, सूरजपुर के संचालक उज्जवल प्रताप सिंह समेत चार अन्य स्कूलों—छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल दतिमा, सरस्वती बाल मंदिर सोनपुर, प्रिया बाल मंदिर भटगांव और लक्ष्मी विद्या निकेतन नरोला—के संचालकों ने ACB अंबिकापुर में जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।  

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत अशासकीय विद्यालयों को दी जाने वाली प्रतिपूर्ति राशि में से 10% कमीशन के रूप में डीईओ द्वारा 2 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। संचालक रिश्वत देने के बजाय अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहते थे, जिसके बाद ACB ने मामले की जांच शुरू की। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान, 1,82,000 रुपए की रिश्वत की मांग पर सहमति बनी और जाल बिछाने की योजना तैयार की गई।  

रंगे हाथों पकड़ा गया अधिकारी  

आज आयोजित ट्रैप ऑपरेशन में, जब शिकायतकर्ता ने रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपए सौंपे, तब ACB ने डीईओ राम ललित पटेल को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी की तलाशी ली गई, जिसमें 2 लाख रुपए अतिरिक्त बरामद हुए। माना जा रहा है कि यह राशि अन्य स्कूल संचालकों से पहले ली गई रिश्वत की थी।  

आगे की कार्रवाई

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी के निवास स्थान पर भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।