भिलाई के होटल में मिला एक बुजुर्ग का शव, बेटी से मिलने आया था, तीन दिनों से बंद था कमरा...

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

भिलाई के एक होटल में एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया है। मृतक दल्लीराजहरा से अपनी बेटी से मिलने आया था और मुलाकात के बाद होटल में ठहरा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पावर हाउस क्षेत्र में स्थित आशीष पार्क होटल के कमरे नंबर 104 में यह घटना घटी। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे सूचना मिली कि होटल में ठहरे एक व्यक्ति ने तीन दिनों से दरवाजा नहीं खोला है। होटल प्रबंधन द्वारा दरवाजा खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस के अनुसार, होटल मैनेजर ने बताया कि जिस व्यक्ति ने कमरा लिया था, उसने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था। जब पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने दरवाजा खुलवाया तो पाया कि एक बुजुर्ग बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा था। उसकी पहचान रामकृष्ण साहू (62 वर्ष) के रूप में हुई, जो दल्लीराजहरा के पुराना बाजार क्षेत्र के निवासी थे।

परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि रामकृष्ण साहू की बेटी की शादी भिलाई के बैकुंठधाम छावनी में हुई थी। वे अपनी बेटी से मिलने उसके ससुराल गए थे और वहां कुछ समय बिताने के बाद होटल आशीष पार्क में ठहरने की जानकारी उन्होंने परिवार को दी थी।

थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ में बताया कि यह पहली बार नहीं था जब रामकृष्ण साहू ने आत्महत्या का प्रयास किया था। इससे पहले भी वे दो बार कीटनाशक का सेवन कर अपनी जान लेने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन परिजनों ने समय रहते उन्हें बचा लिया था।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।