2025 महाकुंभ : लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी पवित्र स्नान के लिए महाकुंभ जा सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि इसके लिए यूपी कांग्रेस को तैयार रहने के लिए कहा गया है। बताया जा रहा है कि महाकुंभ कब जाना है, इसके बारे में फैसला राहुल करेंगे। यूपी कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे इस समय महाकुंभ में हैं। कांग्रेस के दोनों नेताओं के इस दौरे की तारीख अभी तय नहीं है लेकिन अगले कुछ दिनों में इस पर फैसला हो जाएगा। बताया जा रहा है कि राहुल पहले चार फरवरी को महाकुंभ आने वाले थे लेकिन संसद की कार्यवाही की वजह से उनका यह दौरा नहीं हो सका।
26 मार्च को हो रहा महाकुंभ का समापन
संसद सत्र के पहले चरण का समापन हो गया है, ऐसे में अब उनके दौरे का कार्यक्रम बन सकता है। बता दें कि महाकुंभ में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अमृत स्नान बीत जाने के बाद भी बड़ी संख्या में लोग संगम पहुंच रहे हैं। महाकुंभ का समापन 26 मार्च का हो रहा है।
स्नान के लिए पहुंच रहे नेता
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों, विधायकों और सांसदों ने गुरुवार को महाकुंभ में संगम में डुबकी लगाई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया, ‘रायपुर से आज सुबह विमान से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंचने के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और छत्तीसगढ़ के अन्य जनप्रतिनिधि अरेल घाट पहुंचे। वहां से वे मोटर बोट पर सवार होकर त्रिवेणी संगम गए और स्नान किया।’ साय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘आज तीर्थराज प्रयाग के त्रिवेणी संगम में तीन करोड़ छत्तीसगढ़वासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए डुबकी लगाई एवं स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त किया। महाकुम्भ सनातन धर्म की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व है, यहां आस्था अमृत बनकर आत्मा को ब्रह्म से जोड़ती है।