दुर्ग : 16 वर्षीय किशोर की हत्या , मड़ई मेले में कुछ लोगों से विवाद के बाद हुआ लापता...

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

दुर्ग : दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के पंहदा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 16 वर्षीय उमेश यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उसके सीने में खंजर घोंपकर उसकी जान ली और शव को जंगल की ओर जाने वाले रास्ते के किनारे फेंक दिया। इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, और पुलिस जांच में जुट गई है| मृतक उमेश यादव, जो पंहदा गांव का निवासी था, मंगलवार को गांव के पास लगे मड़ई मेले में गया था। परिजनों के अनुसार, उमेश मेला देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बताया जा रहा है कि मेले के दौरान उसका कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था।  

सड़क किनारे पड़ा मिला शव

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे एक शव देखा। पहले इसे सड़क दुर्घटना का मामला समझा गया, लेकिन पास जाने पर सीने में खंजर से वार और चारों ओर खून फैला देखकर सभी दंग रह गए। इसके बाद तुरंत अमलेश्वर थाने में घटना की सूचना दी गई।  

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने किया मौका मुआयना

मामले की गंभीरता को देखते हुए अमलेश्वर पुलिस, पाटन एसडीओपी हरीश पाटिल और एडिशनल एसपी ग्रामीण वेदवृत सिरमौर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए। जांच के लिए फिलहाल सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। ये सभी वे लोग हैं, जो घटना से पहले किसी न किसी वजह से उमेश के संपर्क में आए थे।  

हत्या के पीछे झगड़े का शक

उमेश यादव पढ़ाई छोड़कर प्लाईवुड कंपनी में काम करता था। काम के बाद वह अक्सर दोस्तों के साथ घूमता-फिरता था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले मेले में उसका किसी से विवाद हुआ था। पुलिस इस पहलू को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। 

इलाके में फैला आक्रोश

इस नृशंस हत्या से इलाके के लोग स्तब्ध हैं। गांव वालों का कहना है कि उमेश शांत स्वभाव का था और उसका किसी से दुश्मनी नहीं थी। पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का दबाव है।  

पुलिस का दावा: जल्द खुलेगा मामला

पुलिस का कहना है कि संदेहियों से पूछताछ जारी है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही हत्या के पीछे की सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल गांव में शोक और डर का माहौल है।