मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में स्थित तेली भट्यान आश्रम के प्रसिद्ध संत सियाराम बाबा ने बुधवार सुबह करीब 5 बजे देहत्याग कर दिया। बाबा की उम्र 110 वर्ष थी और उनकी निधन की खबर फैलते ही निमाड़ क्षेत्र और पूरे देशभर में शोक की लहर दौड़ गई।
सियाराम बाबा के लाखों श्रद्धालु थे, जो सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थे। बाबा के अंतिम दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु आश्रम पहुंचने लगे हैं। दिल्ली, मुंबई जैसे दूर-दराज के स्थानों से भी लोग उनके आश्रम में दर्शन करने आते थे।
पिछले 10 दिनों से अस्वस्थ थे बाबा
सियाराम बाबा पिछले 10 दिनों से अस्वस्थ थे और उन्हें निमोनिया हुआ था। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी देखभाल कर रही थी। इंदौर के एमवायएच अस्पताल और खरगोन के डॉक्टरों की टीम बाबा के इलाज में जुटी हुई थी। हालांकि, बुधवार सुबह उनका निधन हो गया।
अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
बाबा के निधन की पुष्टि मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएस सिसौदिया ने की। उनकी मृत्यु के बाद से श्रद्धालु बाबा के आश्रम में अंतिम दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।