रिपोर्टिंग के लिए जा रहे बाइक सवार दंपती को तेज रफ्तार हाइवा ने मारी ठोकर, पति-पत्नी की मौत, ड्राइवर गिरफ्तार

त्वरित ख़बरें - कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बिरोड़ा चौक के पास एक हाइवा ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार ठोकर मार दिया।

रिपोर्टिंग के लिए जा रहे बाइक सवार दंपती को तेज रफ्तार हाइवा ने मारी ठोकर, पति-पत्नी की मौत, ड्राइवर गिरफ्तार

राजनांदगांव. कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बिरोड़ा चौक के पास एक हाइवा ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार ठोकर मार दिया। ठोकर इतनी जबरदस्त थी, कि इस हादसे में दंपती की मौत हो गई। मामले में सहसपुर लोहारा पुलिस मर्ग कायम कर धारा 304 ए के तहत विवेचना में जुटी है। घटना मंगलवार की सुबह की है। सहसपुर लोहारा थाना अंतर्गत ग्राम बिरोड़ा चौक बिजली ऑफिस के पास एक हाइवा राजनांदगांव की ओर से जा रही थी, वहीं राजनांदगांव निवासी लवकेश साहू (45) अपनी पत्नी धनेश्वरी साहू (38) के साथ कवर्धा की से राजनांदगांव आ रहे थे। तभी हाइवा ने बाइक सीजी 08 एसी 4755 को जोरदार ठोकर मारी।

उपचार से पहले दंपती ने तोड़ा दम

हाइवा की ठोकर से बाइक सवार पति-पत्नी दूर जा गिरे। चोट लगने से दोनों की हालत नाजुक हो गई। राहगीरों की सूचना पर डॉयल 112 पहुंची, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। वहीं पुरुष को रायपुर रेफर करने की तैयारी चल रही थी, तब उसने भी दम तोड़ दिया।

पेशे से पत्रकार हैं दोनों मृत दंपती

लोहारा टीआई अनिल शर्मा ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद हाइवा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला विवेचना में लिया गया है। मिली जानकारी अनुसार मृतक पति-पत्नी दोनों पेशे से पत्रकार हैं और रिपोर्टिंग के लिए कवर्धा पहुंचे थे। जब यह वापस जा रहे थे तभी यह हादसा हो गया।

तेज रफ्तार बाइक ने गुपचुप ठेला को ठोका, युवक की मौके पर ही मौत

राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र के अछोली गांव में बाइक चालक द्वारा तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते सड़क किनारे लगे गुपचुप ठेला को ठोकने का मामला सामने आया है। घटना में बाइक में सवार एक युवक की मौत हो गई है। वहीं बाइक सवार दो युवक सहित गुपचुप ठेला संचालक घायल है। घायलों को ईलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के पांगरी (ढोंगाघाट) निवासी हितेश निषाद, केशव निषाद व गजेन्द्र निषाद तीनों बाइक क्रमांक साजी 08 एस 8037 में सवार होकर बधियाटोला (डोंगरगढ़) आए हुए थे। वापस अपने घर ग्राम पांगरी जाते समय तेज रफ्तार बाइक ने अछोली चौक के पास सड़क किनारे लगे गुपचुप ठेला को ठोक दिया। घटना में तीनों बाइक सवार नीचे गिर गए और गंभीर चोटें आने की वजह से पांगरी निवासी गजेन्द्र निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार हितेश निषाद व केशव निषाद के अलावा गुपचुप ठेला संचालक घायल है। बताया जा रहा है कि बाइक को हितेश निषाद चला रहा था। पुलिस मर्ग कायम कर बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।