कांग्रेस नेता विक्रम बैस हत्याकांड में भिलाई से तीन आरोपित गिरफ्तार

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

नारायणपुर में कांग्रेस नेता विक्रम बैस की हत्या करने के बाद भिलाई में आकर छुपे थे आरोपित, दुर्ग पुलिस के सहयोग से हास्पिटल सेक्टर में पकड़े गए।

भिलाई। नारायणपुर के कांग्रेस नेता विक्रम बैस हत्याकांड के तीन आरोपितों को जगदलपुर पुलिस ने दुर्ग पुलिस के सहयोग से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपित भिलाई के हास्पिटल सेक्टर में छिपे हुए थे। इसमें से एक आरोपित डकैती कांड में जेल जा चुका है।

बता दे कि नारायणपुर के कांग्रेस नेता विक्रम बैस की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बैस को तीन गोली मारी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि हत्याकांड में सात या आठ आरोपित शामिल हो सकते हैं। लिहाजा पुलिस ने आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।

छत्तीसगढ़ के आठ अलग- अलग जिलों से आरोपितों के इनपुट मिले। उनकी धरपकड़ शुरू हुई। जांच के दौरान नारायणपुर पुलिस को सूचना मिली की तीन आरोपित भिलाई के हास्पिटल सेक्टर इलाके में छिपे हैं। नारायणपुर पुलिस ने एसपी दुर्ग जितेंद्र शुक्ला से संपर्क किया।

एसपी ने नारायणपुर पुलिस के सहयोग के लिए दुर्ग क्राइम यूनिट की टीम लगाई। तीनों टीमों ने मिलकर हास्पिटल सेक्टर में दबिश देकर आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम संजीव सिंह, सैमुवल तथा राजीव रंजन बताए गए हैं। तीनों आदतन बदमाश हैं, इनमें सैमुवल 2021 में डकैती के मामले में जेल जा चुका है।

नारायणपुर पुलिस ने किया था संपर्क

नारायणपुर पुलिस ने हमसे संपर्क किया था। उन्हें आरोपितों के हास्पिटल सेक्टर में छिपे होने का इनपुट मिला था। दुर्ग पुलिस के सहयोग से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर नारायणपुर पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।