शहर में दिन भर छाए रहे बादल:शाम को बरसे, आज भी बूंदाबांदी के आसार

त्वरित खबरे

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से रविवार को शाम 5 से 6 बजे के बीच बालोद शहर सहित आसपास गांवों में हल्की बारिश हुई। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। इसके पहले गर्मी व उमस का अहसास हुआ। सुबह से शाम तक अधिकतर समय धूप-छांव के बीच बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा। शनिवार की तुलना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान स्थिर रहा। शाम 5.45 बजे नमी की मात्रा 66 फीसदी रही। इस दौरान 5 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से अब भी काफी मात्रा में नमी आ रही है। जिसके कारण प्रदेश के दक्षिणी भाग में 22 नवंबर को एक-दो स्थान पर हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। 23 नवंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहने से गर्मी से राहत मिल सकती है।