राजस्थान रोडवेज की बस में देर रात पथराव और लूट की वारदात सामने आई है. बदमाशों ने बस को रोककर कंडक्टर के साथ मारपीट की लूटपाट की. यात्रियों के चिल्लाने के बाद बदमाश भाग निकले. बताया जा रहा है कि बदमाशों के पास हथियार भी थे. इस घटना की सूचना पर बांसवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.राजस्थान रोडवेज की बस मंगलवार रात को अहमदाबाद के लिए निकली थी. बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे. बस बांसवाड़ा शहर से कुछ ही किलोमीटर दूर पहुंची थी कि अचानक बस में पथराव हुआ. इसके बाद बस को रोक दिया गया. बस को रोकते ही बदमाश ऊपर चढ़े और लट्ठ से खिड़कियों के कांच तोड़ने लगे. इसके बाद बस कंडक्टर पंकज पाटीदार के साथ मारपीट करते हुए गले में पहनी सोने की चैन और करीबन 20 हजार रुपए लूट लिए. जब यात्रियों ने चिल्लाना शुरू किया तो बदमाश वहां से भाग निकले.सीआई दिलीप सिंह ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश का सामने आ रहा है. इसी बस में 3 से 4 दिन पहले एक युवक अहमदाबाद गया था. वह यात्रियों का वीडियो बना रहा था तो ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे रोका था. इसे लेकर उनके बीच में बहस हो गई थी. यहीं नहीं बहस के बाद हाथापाई भी हुई. संभावना जताई जा रही कि उस युवक ने बदला लेने के लिए दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया.