2 नाबालिग बच्चों की मौत नर्मदा नदी में डूबने से....

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

मध्यप्रदेश के धार जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां नर्मदा नदी में नहाने के दौरान 2 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इधर घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया और शादी वाले घर की खुशियां अचानक से मातम में बदल गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना धार के ग्राम खलघाट की है, जहां नर्मदा नदी में नहाने के दौरान दोनों बच्चे डूब गए। इसके बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि खलघाट के पास ही ग्राम शाला में दोनों बच्चे शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। मिली जानकारी के अनुसार 13 वर्षीय मृतक आशीष माचलपुर का है, जबकि 14 वर्षीय मृतक गौरव मंडलेश्वर का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे और दोनों के शव को नदी से बाहर निकाला गया और धामनोद के अस्पताल पहुंचाया गया।  जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।  इधर इस घटना से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई, हर तरफ चीख-पुकार मची रही।