दिव्य नेत्र भक्तों में दिखा रामनवमी का उत्साह, ब्रेल लिपि के माध्यम से किया रामचरितमानस का पाठ

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

अयोध्या सहित देशभर में रामनवमी की धूम है और राम भक्तों में हर तरफ उत्साह का माहौल है। ऐसे ही मध्य प्रदेश के खंडवा में प्रभु राम के दिव्यनेत्र भक्तों ने एक अनूठा आयोजन कर रामनवमी मनाई है। यहां शहर के बजरंग चौक स्थित अतिप्राचीन मंदिर पर दिव्य नेत्र बालकों ने ब्रेल लिपि के माध्यम से रामचरितमानस का पाठ किया और रामनवमी पर प्रभु राम के भजन गाए।

 

दिव्य नेत्र बालकों के सुरीले रामायण पाठ ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिव्य नेत्र आश्रम के प्रमुख नंदराम अवचे ने बताया कि आज हमने यहां रामनवमी के अवसर पर ब्रेल लिपि के माध्यम से रामचरितमानस का पाठ किया है, जिसमें हमारे आश्रम में रहने वाले दिव्य नेत्र बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्साहपूर्वक रामचरितमानस का पाठ किया।