8 मार्च को डीबीटी के माध्यम से बैंक खाते में होगा राशि का अंतरण
दुर्ग - एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार महतारी वंदन योजना अंतर्गत अनंतिम दावा आपत्ति की समयावधि खत्म होने के बाद अब प्राप्त दावा आपत्तियों का निराकरण किया जा रहा है। दावा आपत्ति का निराकरण 29 फरवरी तक किया जाएगा। अंतिम सूची का प्रकाशन एक मार्च को होगा और स्वीकृति पत्र 2 मार्च को जारी होगा। इसके बाद महतारी वंदन योजना के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आगामी 8 मार्च को पात्र महिला हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में राशि का अंतरण किया जाएगा। योजना अंतर्गत पात्र महिला को प्रतिमाह 1000 रूपए यानी हर साल 12 हजार रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। इस योजना के तहत एकीकृत बाल विकास परियोजना भिलाई 01 अंतर्गत लगभग 108998 आवेदन मिले हैं।
पात्र हितग्राहियों की अनंतिम सूची जारी होने के बाद हितग्राही संबंधित आंगनबाड़ी केन्द्र या ग्राम पंचायत में जाकर अपने आवेदन की स्थिति और उस पर की गई कार्यवाही के बारे में जान सकते हैं। हितग्राहियों के लिए महतारी वंदन योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन पत्र की स्थिति ज्ञात करने की सुविधा दी गई है। हितग्राही अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार नंबर दर्ज कर अपने आवेदन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।