दुर्ग जिले के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन पहुंचे मार्केट , अव्यवस्था देखकर भड़के

त्वरित खबरें - खुमेंद्र कुमार निषाद

दुर्ग :- दुर्ग  जिले के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने रविवार शाम सुपेला संडे मार्केट का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यापारियों को चुनौती दी कि अगले संडे से यदि किसी भी दुकान के सामने दूसरी दुकान लगी या तय सीमा से बाहर अतिक्रमण दिखा, तो वो उस दुकान की रिजिस्ट्री शून्य कर देंगे। अब यहां समझाने से नहीं कार्रवाई करने से व्यवस्था ठीक होगी।

दरअसल, बीजेपी विधायक रिकेश सेन इस समय एक्शन मोड में हैं। जिस संडे मार्केट की अव्यवस्था को निगम, जिला और पुलिस प्रशासन नहीं ठीक कर पाए, उसे रिकेश सेन ने ठीक करने का दावा किया है। सुपेला संडे मार्केट में सड़क पर दुकान लगाने और पार्किंग कराने वालों को जमकर फटकार लगाई।

व्यापारी नहीं समझते लोगों  की परेशानी

रिकेश सेन ने सभी व्यापारियों को समझाया कि वो लोग सिर्फ व्यापार करना जान रहे हैं। उन्हें इस बात से कोई लेना देना नहीं कि सड़क तक दुकान लगाने से आने जाने वाले लोगों को क्या परेशानी हो रही है। यहां जाम की स्थिति बन रही है। इससे यहां एंबुलेंस या अन्य कोई जरूरी वाहन फंस सकता है।

गुमास्ता लाइसेंस भी होगा निरस्त

विधायक ने सभी व्यापारियों को निर्देश दिया वो निगम द्वारा तय सीमा तक ही दुकान लगाएं। अगले रविवार से यदि किसी भी दुकानदार ने इस नियम का पालन नहीं किया तो उसका गुमास्ता लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही रजिस्ट्री शून्य कर दिया जाएगा।