भिलाई के खुर्सीपार इलाके में डायरिया का कहर

त्वरित खबरे- भिलाई के गौतम नगर में उल्टी-दस्त से 50 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए

मौसम के तापमान में गिरावट के साथ ही दुर्ग जिले में डायरिया फिर से पैर पसारने लगा है. भिलाई के खुर्सीपार इलाके में डायरिया ने पैर पसार लिया है. यहां एक ही परिवार के 4 लोग डायरिया से संक्रमित पाए गए हैं. उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है. वहीं इसके अलावा मोहल्ले के 3 दर्जन से ज्यादा लोग घरों में ही रहकर इलाज करवा रहे हैं. गौतम नगर में 2 माह में अब तक 50 से ज्यादा लोग डायरिया से संक्रमित हो चुके हैं.

बता दें कि, हर साल ठंड के समय दुर्ग जिला डेंगू, डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियों से प्रभावित होता रहा है. वहीं डायरिया के मामले में संवेदनशील रहे भिलाई के गौतम नगर में उल्टी-दस्त से 50 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं. डायरिया के बड़ी संख्या में संक्रमित पाए जाने के बाद जिला स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है. जिला स्वास्थ्य विभाग, भिलाई निगम के स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मौके पर तैनात कर दी गई है और प्रभावितों की जांच की जा रही है. वर्तमान में 7 लोगों का उपचार सुपेला सरकारी अस्पताल में चल रहा है, जिनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है.