बेमेतरा- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पी. एस. एल्मा ने कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचकर निर्वाचन सामग्री वितरण व वापसी के लिए की गई तैयारियों को अंतिम रूप दिया। कल गुरुवार 16 नवंबर सवेरे 6 बजे से जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र के मतदान दलों को सामग्री का वितरण इसी परिसर से किया जाएगा। जिले के तीनों विधानसभा के लिए 3500 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस मौके पर अपर कलेक्टर व नोडल अधिकारी डॉ. अनिल बाजपेयी, अपर कलेक्टर सी.एल मार्कण्डेय, विधानसभा क्षेत्र साजा के एसडीएम एवं रिटर्निग ऑफीसर विश्वास राव मस्के, नवागढ़ के भूपेन्द्र जोशी सहित डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर बंदे उपस्थित थे।
कलेक्टर एल्मा ने बिजली पानी के साथ - साथ पर्याप्त मात्रा मे शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर एल्मा ने जिले के नगर पालिका अधिकारियों को जरूरत के मुताबिक अस्थायी व चलित शौचालय के व्यवस्था करने के निर्देश दियें। मतदान केंद्रों मे मतदाताओं सहयोग के लिए मतदाता मित्र भी मौजूद रहेगें। इसके लिए एनसीसी व एनएसएस ,कैडेट्स मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध होगें।
कलेक्टर ने बताया की मतदान दल में लगे अधिकारी कर्मचारियों को मतदान केन्द्रो मे जाने से पूर्व सामग्री वितरण के दौरान प्राथमिक उपचार से संबंधित मेडिकल किट जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध करायी जाएगी। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में मतदाता दल के अधिकारी - कर्मचारी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र मे उपचार हेतु संपर्क कर सकते है। चयनित स्वास्थ्य केन्द्रों में एंबुलेंस की सुविधा होगी।