सरगुजा- विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार पहल की जा रही है | इसके तहत वाहनों की चेकिंग और वाहनों की सघन जांच भी कराई जा रही है| जिला प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो, इसके लिए सरहदी इलाकों में जांच की चाक चौबंद व्यवस्था की है| लगातार जिला प्रशासन के आला अधिकारी सरहदी निगरानी दलों का औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं |वहीं लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को निलंबन की कार्रवाई की जा रही है |
शुक्रवार को एमआर कश्यप उप पुलिस अधीक्षक सरगुजा रेंज मनेन्द्रगढ़ रोड कालीघाट अंबिकापुर औचक निरीक्षण पर पहुंचे. स्थैतिक निगरानी दल क्रमांक 9 के औचक निरीक्षण के दौरान दो पुलिस कर्मचारी प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद्र तिवारी एवं आरक्षक रिजयूस कुजूर को कर्तव्यों के निर्वहन में घोर अनुशासनहीनता लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया |
पुलिस रेगुलेशन के पैरा 64 के नियम दो एवं चार व सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 2 के उप नियम एक के एक दो तीन का उल्लंघन करने पर दोनों पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है |उनकी निलंबन अवधि में नियमानुसार गुजारा भत्ता देय होगा |