दुर्ग- पाटन से कका-भतीजा के बीच चौथी बार चुनावी भिड़ंत होने वाली है |सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस के चुनाव समिति के नियमानुसार ब्लाक अध्यक्ष को पाटन क्षेत्र से दावेदारी का आवेदन सौंपा है |वहीं उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अंबिकापुर ब्लॉक से अपना आवेदन कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष को सौंपा |
बता दें कि कुर्मी, सतनामी और साहू बाहुल्य वाले पाटन विधानसभा से बीजेपी ने सांसद विजय बघेल के नाम की घोषणा पहले ही कर दी है| पाटन विधानसभा से सीएम भूपेश ने ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र वर्मा को दावेदारी का आवेदन सौंपा |जिला अध्यक्ष के माध्यम से दावेदारों के आवेदन चुनाव समिति तक पहुंचेगा |छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में चौथी बार भूपेश बघेल और विजय बघेल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे |
कांग्रेस ने पहली बार दावेदारों से ऑनलाइन आवेदन भी मंगाया है |ब्लाॅक से आए आवेदन पर जिला स्तर पर चर्चा होगी और प्रदेश चुनाव समिति को तीन से पांच दावेदारों का पैनल भेजा जाएगा |चुनाव समिति के सदस्यों की मानें तो उम्मीदवार चयन में पहली प्राथमिकता जीतने वालों को दिया जाएगा. वहीं क्षेत्र में जातिगत समीकरण को ध्यान में रखा जाएगा |
कका और भतीजा पहली बार 2003 में आमने-सामने हुए, जिसमें भूपेश बघेल ने विजय बघेल को करीब सात हजार वोटों से हराया था |दूसरी बार 2008 के विधानसभा चुनाव में विजय बघेल ने चाचा को करीब 8 हजार वोटों के अंतर से हराया था | 2013 के चुनाव में भी दोनों के बीच टक्कर देखने को मिला था |इस चुनाव में चाचा भूपेश बघेल करीब दस हजार वोटों से विजय बघेल को हराया था |