महिलाकर्मी का आरोप: चैंबर में बुलाकर संयुक्त संचालक ने दी गाली....

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरों

कहा- ऐसा हाल बनाउंगा, कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहोगी

रायपुर-  राजधानी रायपुर में पशु चिकित्सा सेवाएं के संयुक्त संचालक डा.शंकर लाल उईके के खिलाफ एक महिला संविदा कर्मचारी ने अभद्रता और गाली-गलौज कर उसे मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पंडरी थाना पुलिस ने संयुक्त संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

चेंबर में बुलाकर संविदा महिला कर्मी से की अभद्रता

पंडरी पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार ने बताया कि एक संविदा कर्मचारी महिला ने संयुक्त संचालक के खिलाफ उसके साथ चेंबर में बुलाकर अभद्रता की शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज एफआइआर के मुताबिक जब महिला के साथ यह सब हुआ, तब वहां कार्यालय के तीन अन्य लोग भी मौजूद थे, जिसमें एक महिला स्टाफ भी थी।

धारा 294, 506 के तहत दर्ज केस में महिला ने संयुक्त संचालक पर करियर बर्बाद करने, मुंह दिखाने लायक न छोड़ने और खुजली मिटाने जैसी बातों के साथ-साथ अनुसूचित जनजाति विभाग में फंसा देने तक की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि संयुक्त संचालक ने उस पर रजिस्टर फेंका और उसका मोबाइल छीनकर महिला स्टाफ से जांच भी करवाया।