मुख्यमंत्री से शहर विकास के लिए मांगों पर चर्चा: सड़कों को बनाने निगम के पास बजट नहीं, सीएम से मिलकर मेयर ने की राशि की मांग...

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरों

शहर के पटरीपार इलाके के अंदरूनी सड़कों की हालत को सुधारने के लिए मेयर नीरज पाल ने मुख्यमंत्री से बजट की मांग की है। सिर्फ यही नहीं कैंप क्षेत्र में एक स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की भी मांग की गई है।

पटरीपार इलाके की 12 प्रमुख सड़कों का निगम ने डामरीकरण कराया है, लेकिन अंदरूनी सड़कें अभी जर्जर हो गई है। जगह-जगह गड्‌ढे हो गए हैं। गिट्टियां उखड़ रही है। सड़कों पर बारिश का पानी भरा हुआ है। दैनिक भास्कर ने इसे लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था। भिलाई महापौर नीरज पाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र यादव ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने भिलाई की अंदरूनी सड़कों के संधारण के लिए बजट की मांग की। इसके अलावा शहर के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा भी की। इस पर सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया है। मेयर पाल ने बताया कि कैंप एरिया में एक भी स्वामी आत्मानंद स्कूल नहीं है। इसलिए यहां स्कूल शुरू करने के लिए सीएम से चर्चा की गई। सीएम ने जल्द स्कूल का उन्नयन करने का आश्वासन दिया।