भिलाई- होनहार छात्र रोहित पंडा ने इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड-2023 में स्वर्ण पदक जीत कर भारत और भिलाई का नाम रोशन किया है। 34वां अंतर्राष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड 3 से 11 जुलाई तक संयुक्त अरब अमीरात के अल ऐन में हुआ। पहली बार, भारत ने पूर्ण स्वर्ण पदक हासिल किया क्योंकि भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी 4 छात्रों ने स्वर्ण पदक हासिल किए, जिनमें भिलाई के रोहित पंडा, महाराष्ट्र जालना के मेघ धीरज छाबड़ा, रत्नागिरी, महाराष्ट्र के इशान पेडनेकर और कर्नाटक बैंगलोर के ध्रुव आडवाणी ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर भारत का परचम लहराया है। इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड में 75 से अधिक देशों से 293 प्रतिभागियों ने भाग लिया। रोहित पंडा की उपलब्धि पर पूरे भिलाई बिरादरी ने उन्हें बधाई दी है। रोहित सेल-बीएसपी के डीजीएम रंजन कुमार पंडा और रूपाली पंडा के बेटे हैं। उन्होंने हाल ही में डीपीएस , भिलाई से उत्तीर्ण की है।