रायपुर दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइंस कॉलेज मैदान पर जनसभा के भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ी में की। प्रदेश के देवी-देवताओं को याद करते हुए उन्होंने जय जोहार से लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने सभा में आ रहे तीन कार्यकर्ताओं की सड़क हादसे में मौत पर श्रद्धांजलि दी। अपने 30 मिनट के संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में एक ही चर्चा है कि बदलबो-बदलबो ए दारी सरकार बदलबो। यह राज्य भाजपा ने बनाया है और यहां के लोगों को भाजपा ही समझती है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर शराब घोटाले को लेकर जमकर हमला बोला।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की और कहा कि कांग्रेस करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। छत्तीसगढ़ में भी सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है, लेकिन हर भ्रष्टाचारी सुन ले मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7600 करोड़ के कई योजनाओं की सौगात दी। ने 7600 करोड़ के कई योजनाओं की सौगात दी।
एयरपोर्ट पर विमान से उतरते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में सरकार के 9 साल की उपलब्धियां गिनाईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा की बड़ी बातें
- करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है, करप्शन उसकी सबसे बड़ी विचारधारा है। इससे कुछ लोग नाराज हो जाते हैं, मोदी को भला बुरा कहना शुरू कर देते हैं, इनकी नाराजगी हमारी सफलता है।
- इनके फरेब की पोल खोलने के लिए इनके एक वादे की याद दिलाना चाहता हूं, वो वादा था शराबबंदी लागू करने का। कहा था कि अनुसूचित क्षेत्र में ग्राम सभाओं को शराबबंदी का अधिकार दिया जाएगा, लेकिन हजारों करोड़ रुपए का शराब घोटाला कर दिया है।
- कांग्रेस ने यहां की माताओं बहनों से छग से धोखा कियाआरोप है कि कमीशन के पैसे उगाहे जाते थे वो कांग्रेस पार्टी के खाते में जाते थे। इसी घोटाले के कारण यहां ढाई ढाई साल मुख्यमंत्री वाला फार्मूला लागू नहीं हो पाया। कांग्रेस के लिए छग एटीएम है।
- बीते तीन चार वर्षों में जो चुनाव देश में हुए उसकी जिम्मेदारी यहां के नेताओं को इसीलिए दी जाती थी। यहां कोई विभाग, काम ऐसा नहीं है जिसमें घोटाला नहीं है, सेंड माफिया, लैंड माफिया, कोल माफिया न जाने कैसे कैसे माफिया यहां फल फूल रहे हैं।
- बीते 9 वर्षों से नक्सलवाद से बाहर निकालने का नतीजा देश देख रहा। कुछ साल पहले तक नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 126 थी, अब 70 के आसपास है। केंद्र ने छग में 12 लाख घर बनाने की तैयारी की, भाजपा ने घर बनाना जारी रखा था, लेकिन कांग्रेस ने बंद करा दिया।
- पीएम आवास योजना के लाखों घर वेटलिस्ट में है, आपके पड़ोसी राज्यों में बन रहे हैं लेकिन छत्तीसगढ़ के गरीबों के लाखों घरों को कांग्रेस ने रोककर रखा है। मोर आवास मोर अधिकार का आंदोलन किया है, जैसे ही भाजपा की सरकार बनगी गरीब को घर दिया जाएगा।
- धान की खरीदी को लेकर जो खेल कांग्रेस सरकार खेल रही है उसे आप लोगों को जानना जरूरी है। केंद्र यहां के किसानों से ज्यादा से ज्यादा धान खरीदना चाहती है, धान का 80 फीसदी केंद्र खरीदती है। हमने एमएसपी बढ़ाई है, किसानों की संख्या भी बढ़ाई है, पिछले 9 साल में यहां के किसानों को 1 लाख करोड़ से भी ज्यादा दिए हैं। इस साल धान के पैसे किसानों को 22 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा दिए हैं।
सीएम भूपेश ने किया पीएम मोदी का किया स्वागत, रमन सिंह भी रहे मौजूद।
हम जितना मांगते हैं उससे ज्यादा मिलता है- भूपेश
मुख्यमंत्री बघेल ने बेहद संक्षिप्त संबोधन में कहा कि हम लगातार केंद्र से मदद मांगते रहते हैं। प्रधानमंत्री जी से भी लगातार संपर्क में रहते हैं। जितना मांगते हैं उससे ज्यादा मिला है। आगे भी हम छत्तीसगढ़ की समृद्धि के लिए मांग करते रहे हैं।
PM ने अंतागढ़ स्टेशन से पहली ट्रेन रवाना की
सड़क, पेट्रोलियम और दूसरे विभागों से जुड़ी योजनाओं के शुभारंभ के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर अंतागढ़ रेलवे स्टेशन से पहली ट्रेन रवाना की। बस्तर के इस इलाके को इसके साथ ही पहली ट्रेन मिली। ये प्रदेश के दूसरे हिस्सों से अब अंतागढ़ को जोड़ेगी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने प्रदेश के अलग अलग हिस्सों से यहां पहुंचे आयुष्यमान योजना के हितग्राहियों को सीधी मदद दी।
पीएम मोदी के साथ लोकार्पण कार्यक्रम में मौजूद, राज्यपाल, सीएम भूपेश के साथ कई नेता।
रायपुर में 7600 करोड़ रुपए के
विकासकार्यों की सौगात
- छत्तीसगढ़ में पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास ।
- जबलपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
- रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर के 6 लेन की आधारशिला रखी।
- आयुष्मान भारत परियोजना के तहत आयुष्मान कार्ड का वितरण।
- अंतागढ़ से रायपुर के लिए नई ट्रेन की शुरुआत करेंगे। हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी से चर्चा करते हुए सीएम भूपेश।
आज इन मार्गों पर जाने से बचे, मिलेगा जाम
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से लेकर दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। इस दौरान लाखों लोग और हजारों गाड़ियां एनआईटी के आसपास जीई रोड पर होंगी। दैनिक भास्कर से बात-चीत में ट्रैफिक DSP गुरजीत सिंह ने इस सड़क का आवाजाही के लिए इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। जय स्तंभ चौक से महोबा बाजार की ओर जाने और आने वालों को इन रास्तों पर परेशानी हो सकती है।
जयस्तंभ चौक से महोबा बाजार की ओर जाने वाले लोग आमापारा चौक से लाखे नगर होते हुए बाइपास का इस्तेमाल करते हुए आगे बढ़ सकते हैं। टाटीबंध की दिशा से आने वाले लोग रायपुर एम्स के पास से गुढ़ियारी की ओर जाने वाली सड़क से होते हुए शहर आ सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में बताया।
8 जगहों पर बनी है पार्किंग
- सरकारी गाड़ियां डीडीयू ऑडिटोरियम, यूनिवर्सिटी कैंपस में पार्क होंगी।
- आम सभा में आने वाले VIP और नेताओं की गाड़ियां एनआईटी ग्राउंड, बीआरटीएस सिटीबस डिपो और क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में पार्क होंगी।
- बिलासपुर संभाग से होकर आने वाले आम नागरिक एवं भाजपा के सदस्य राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 से सिलतरा नया बाईपास रोड से टाटीबंध चौक से होकर GE रोड से सीधे एनआईटी ग्राउंड पार्किंग में अपना वाहन पार्क करके पैदल कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेगें।
- दुर्ग संभाग से होकर आने वाले आम नागरिक एवं बीजेपी सदस्य राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 से होकर टाटीबंध चौक से GE रोड होकर आयुर्वेदिक कॉलेज पार्किंग एवं सरोना चौक के पास पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे।
- बस्तर संभाग, धमतरी व अभनपुर से आने वाले आम नागरिक एवं सदस्य राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 से होकर पचपेड़ी नाका चौक से रिंग रोड नंबर 01 से होकर होकर भाटागांव चौक कुशालपुर चौक, रायपुरा अंडर ब्रिज से लाखे नगर चौक, आश्रम तिराहा, डगनिया रोड से CSEB मैदान पार्किंग एवं ईदगाह मैदान पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क करेंगे।
- महासमुंद, बलोदा बाजार व आरंग की ओर से होकर आने वाले आम नागरिक एवं सदस्यगण राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 से होकर तेलीबांधा चौक, , शास्त्री चौक, जयस्तम्भ चौक, आमापारा, आश्रम तिराहा होकर डगनिया रोड से CSEB मैदान एवं ईदगाह मैदान पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क करेंगे।
- रायपुर में सुबह 5:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है।
पीएम मोदी को सुनने इस तरह जुटी भीड़।