भिलाई नगर में बकरा-दारू पार्टी के दौरान विवाद :आरक्षक के बेटों ने एएसआई को हॉकी स्टिक-राड से जमकर पीटा..

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

भिलाई- भिलाई नगर थाना अंतर्गत जयंती स्टेडियम के करीब रविवार-सोमवार की रात आरक्षक यशवंत ठाकुर के दो पुत्रों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एएसआई गुप्तेश्वर यादव की जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने हॉकी स्टिक और राड से एएसआई को पीटा। बीच बचाव करने पहुंचे एक अन्य आरक्षक अनिल गुप्ता से भी मारपीट की।

आरोपियों ने एएसआई पर स्कॉर्पियों चढ़ाकर जान से मारने की भी कोशिश की। विवाद बकरा-दारू पार्टी के दौरान नशे की हालत में शुरू हुआ। मामले की जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने आरक्षक यशवंत को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में 10 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। दोनों घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एएसआई को सीने और सिर में चोट आई है। वहीं आरक्षक को टांके लगे हैं।

दो पुलिस कर्मियों के प्रमोशन की थी पार्टी
पुलिस ने बताया कि दो पुलिस कर्मियों के प्रमोशन की यह पार्टी थी। नगपुरा पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर और भिलाई नगर थाने की पेट्रोलिंग पार्टी में पदस्थ हवलदार प्रेम सिंह का सबसे पहले विवाद शुरू हुआ। दोनों नशे की हालत में लड़ पड़े थे। पार्टी में शामिल एएसआई गुप्तेश्वर यादव ने दोनों को समझा बुझाकर झगड़ा शांत कराया। हवलदार प्रेम सिंह ने यशवंत ठाकुर से माफी मांगी और घर चले गया। इस दौरान आरक्षक यशवंत ने कॉल कर पुलिसलाइन से बेटे शिवम और विनीत को बुला लिया। बुलेट मोटरसाइकिल और स्कार्पियों से वे अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद गुप्तेश्वर को पीटना शुरू कर दिया। वे जमीन पर गिर पड़े तो स्कॉर्पियों चढ़ाने की कोशिश की। आरक्षक अनिल गुप्ता ने बीच बचाव किया, तो उससे भी मारपीट की।

प्रधान आरक्षक सस्पेंड
पिटाई की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है। एएसपी सिटी संजय ध्रुव के बताया कि पांचों के साथ शामिल अन्य के बारे में पतासाजी की जा रही है।