छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंडर- 19 इंटर डिस्ट्रिक्ट एलिट ग्रुप क्रिकेट कॉम्पिटिशन के फाइनल मैच सोमवार को रायपुर के आरडीए मैदान में शुरू हुआ, जिसमें बिलासपुर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन पर आउट हो गई। हालांकि, टीम के गेंदबाजों ने भिलाई की टीम को रोककर रखा है। 4 विकेट खोकर 64 रन पर खेल रही है और उन्हें बढ़त बनाने के लिए 137 रनों की जरूरत है।
क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव विंटेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मैच सोमवार को बिलासपुर और भिलाई के बीच शुरू हुआ। भिलाई के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया और बिलासपुर टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मैच के शुरुआत में ही बल्लेबाजों के जल्द आउट होने के बावजूद बिलासपुर ने अपनी पहली पारी में 65.3 ओवर में 201 रन बना ली।
धनंजय नायक 49 पर रहे नाबाद
बिलासपुर की टीम के दसवें नंबर के बल्लेबाज धनंजय नायक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7 चौका और 2 छक्कों की मदद से 40 गेंदों में 49 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा मयंक सोनकर ने 39 रन, आकाशदीप सिंह ने 39 रन, रिषभ शर्मा ने 24 रनों की पारी खेली।। वहीं, भिलाई की टीम के गेंदबाज कुमार इशान से छह विकेट व चिन्मय विश्वकर्मा ने 2 विकेट हासिल किए।
भिलाई ने चार विकेट खोकर बनाए 64 रन
भिलाई ने अपनी पहली पारी खेलते हुए पहले दिन का खेल खत्म होते तक 22 ओवर में 4 विकेट खोकर 64 रन बना लिए हैं। टीम को बिलासपुर से बढ़त बनाने के लिए 137 रन और बनाने हैं। भिलाई की ओर से बल्लेबाजी करते हुए साहिल रजत शरीफ 16 रन और हिमांशु कनोजिया 9 रन पर नाबाद खेल रहे हैं। बिलासपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए कप्तान ओम वैष्णव ने 2 विकेट और धनंजय नायक ने एक विकेट हासिल किए। मंगलवार को दूसरे दिन का मैच खेला जाएगा। मैच के निर्णायक विशाल सिंघानिया और नितिन कथवार स्कोरर महेंद्र साहू सेलेक्टर तरुनेश परिहार, विकास अग्रवाल, मोहम्मद तसनीम और भावेश चंद्र राणा टीम के कोच रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अभिषेक सिंह हैं।