परीक्षा के नतीजे 18 जून को आने की संभावना: आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश के लिए 19 से पंजीयन, 30 को सीट बंटेगी...

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

जेईई एडवांस की 4 जून को हुई परीक्षा के नतीजे 18 जून को आने की संभावना है। इसे देखते हुए काउंसिलिंग एजेंसी ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोशा) ने काउंसिलिंग की समय सारणी जारी कर दी है। इसके पहले चरण के तहत 19 जून को सुबह 10 बजे से पंजीयन होगा। अभ्यर्थी वांछित स्थान का उल्लेख कर सकेंगे।

28 की शाम 5 बजे तक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी होगी। 25 को आवंटन सीट जारी होगा। फिर 30 जून को सीटों का वितरण होगा। दूसरे चरण के तहत सीटों का वितरण 6 जुलाई को, तीसरे चरण का 2 जुलाई को, चौथे चरण का 16 जुलाई को, पांचवें चरण का 21 जुलाई को और छठवें चरण का वितरण 26 जुलाई को होगा। बची हुई सीटों में प्रवेश 26 और 29 जुलाई को सिर्फ एनआईटी सिस्टम के तहत होगा। इस तरह शिक्षा सत्र 2023-24 के तहत प्रवेश का सिलसिला पूरा हो जाएगा। जेईई एडवांस में ट्विनसिटी से हर बार की तरह इस बार भी एक हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए हैं।

दो साल बाद अप्रवासी भारतीयों को भी मौका : कोरोना की वजह से बीते दो शिक्षा सत्रों के दौरान अप्रवासी भारतीयों को आईआईटी, एनआईटी और ट्रिपल आईटी में प्रवेश नहीं दिया गया था। दो साल रोक के बाद उन्हें भी मौका दिया जा रहा है। बताया जाता है कि काउंसलिंग में इस साल 119 संस्थान भाग ले रहे हैं। इनमें 23 आईआईटी, 32 एनआईटी, 26 ट्रिपल आईटी सहित अन्य 38 शासकीय अनुदान प्राप्त संस्थाएं शामिल हैं। अनुदान प्राप्त संस्थानों की 55 हजार सीटें हैं।

आदर्श उत्तर जारी, 12 को शाम तक मंगाई आपत्तियां
जेईई एडवांस की अस्थायी आदर्श उत्तर 11 जून को सुबह 10 बजे जारी की गई। उम्मीदवार 12 जून को शाम 5 बजे तक इसमें दावे और आपत्तियां कर सकेंगे। 18 जून को इसके नतीजे जारी किए जा सकते हैं। आदर्श उत्तर देखने के लिए आईआईटी गुवाहाटी ने लिंक जारी किया है। इसमें अभ्यर्थी आज दिन भर अपने उत्तरों का मिलान करते रहे। इसके आधार पर परीक्षा में मिलने वाले अंक और रैंकिंग और प्रवेश स्थान का अनुमान लगाते रहे।