टाटीबंध फ्लाईओवर पर 22 जून से दौड़ेंगे वाहन :तेलीबांधा ओवरब्रिज प्रोजेक्ट आया फ्लोर पर, 36 करोड़ में हटेंगे तार...

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

शहर की बड़ी जरूरत टाटीबंध फ्लाईओवर के रूप में इस माह पूरी होने जा रही है। दुर्ग से आने वाली सड़क को फ्लाईओवर से जोड़ने का अंतिम काम पूरा कर लिया गया है। फिलहाल फ्लाईओवर का डामरीकरण किया जा रहा है। दूसरी ओर तेलीबांधा ओवरब्रिज का प्रोजेक्ट भी फाइलों से निकलकर फील्ड में आ गया है। पहले चरण में चौराहे के चारों ओर और फ्लाईओवर की लंबाई के दायरे में आने वाले तारों व ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग का प्लान तैयार कर लिया गया है। इसमें 36 करोड़ खर्च आएगा। तारों की शिफ्टिंग के बाद ही यहां फ्लाईओवर का काम चालू किया जाएगा।

टाटीबंध

  • ​​​​​​फ्लाईओवर शुरू होने से करीब 2.5 लाख लोगों को रोजाना राहत।
  • एनएचआई ने वर्ष 2020 में इसका निर्माण शुरू किया था।
  • ब्रिज की लंबाई 3.6 किमी है। इस पर 120 करोड़ खर्च किए गये है |

तेलीबांधा

  • ओवरब्रिज के निर्माण में 210 करोड़ खर्च का अनुमान है।
  • ओवरब्रिज 1940 मीटर लंबा और 22 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा।
  • रिंग रोड से गुजरने वालों को तेलीबांधा सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा।

टाटीबंध फ्लाईओवर का काम चार साल पहले चालू किया गया था। फिलहाल इसका काम अंतिम चरण में है। दुर्ग से आने वाली सड़क को फ्लाईओवर से जोड़ने का आखिरी बड़ा काम पूरा करने के बाद डामरीकरण चालू कर दिया गया है। भाठागांव होते हुए जगदलपुर-महासमुंद की ओर से आने वाली रिंग रोड को पहले ही ब्रिज से जोड़ा जा चुका है। भनपुरी की ओर से आने वाली सड़क को भी इससे जोड़ दिया गया है। रायपुर शहर से जाने वाली सड़क भी ब्रिज से जोड़ी जा चुकी है। बिजली के खंभे और लाइट भी लगाई जा चुकी है।

तेलीबांधा चौक पर फ्लाईओवर के लिए पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग और नगर निगम की टीम ने ज्वाइंट सर्वे पूरा कर लिया है। बिजली विभाग ने 33 केबी लाइन 3 किमी और कुल 90 पोल और 11 केवी की लाइन 2 किमी कुल 70 पोल की शिफ्टिंग के लिए 36 करोड़ का बजट बनाया है। बिजली विभाग पीडब्ल्यूडी इसी हफ्ते अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। नगर निगम फिलहाल पाइप लाइन शिफ्टिंग की प्राेजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर रहा है। दोनों विभागों को रिपोर्ट मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी बजट मंजूरी के लिए शासन को भेजेगा। बजट मिलते ही तेलीबांधा ओवरब्रिज का काम शुरू कर दिया जाएगा।