मोहर नगर पुलिस ने छोटू राइट नामक ड्रग पैडलर सहित तीन आरोपियों को पकड़ा। एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपियों के पास से पुलिस ने 6 लाख कीमत की 274 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त की है। आरोपी विजय नगर निवासी लालाराम साहू 27 साल, ग्रीन चौक निवासी नितिश पाण्डेय उर्फ छोटू राइट 22 साल, ग्रीन चौक शंकर उर्फ चिंटू नागवंशी 29 साल पकड़े गए। बुच्ची उर्फ डोमेंद्र फरार है। सभी के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
दुर्ग सीएसपी वैभव बैंकर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि विजय नगर बैंक कालोनी निवासी लाला साहू अपने साथियों के साथ मिलकर पिटकर के खंडहरनुमा मकान के पास ब्राउन शुगर बेच रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और खंडहरनुमा मकान के पास आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से 14 बंडल मिले, जिसमें 274 पुड़िया ब्राउन शुगर थी। पुलिस ने बताया कि पिछले 15 दिन के अंदर इस क्षेत्र से 3 बार ब्राउन शुगर पाउडर जब्त किया गया है। इसके बाद से गश्त बढ़ा दी गई है।