इंटक पदाधिकारियों की टाउनशिप प्रबंधन के साथ बैठक हुई:650 वर्गफुट के मकानों की लाइसेंस पॉलिसी लागू हो इंटक..

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

इंटक पदाधिकारियों की टाउनशिप प्रबंधन के साथ बैठक हुई। जिसमें 650 वर्गफुट तक के मकान लाइसेंस पर देने की पॉलिसी जल्द लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में इंटक पदाधिकारियों ने कहा कि हमें टाउनशिप को अवैध कब्जे से बचाने के लिए 650 वर्गफुट तक के क्वार्टर को लाइसेंस पर देना जरूरी है।

उन्होंने रिटेंशन स्कीम के तहत लिए जा रहे सिक्योरिटी डिपॉजिट की राशि को कम करने की मांग की। इंटक ने प्रबंधन से टाउनशिप की नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की। इंटक नेताओं ने कहा कि अभी तक के जितने भी टारफेल्टिंग के पेंडिंग केस हैं, उनके आवेदनों का जल्द निराकरण किया जाए। गैरेज रोड एवं सेक्टर 7 व सेक्टर 8 के बीच की रोड को जल्द चौड़ीकरण करने की मांग भी की।

बैठक में टाउनशिप के मेंटेनेंस ऑफिसों का रिनोवेशन एवं सभी सब स्टेशनों का मेंटेनेंस करने, बीएसपी मकानों में वेलकम स्कीम के तहत सिविल एवं इलेक्ट्रिकल के काम जल्द से जल्द करने, टीए बिल्डिंग में लिफ्ट लगाने की मांग की गई। यूनियन नेताओं ने नगर सेवाएं विभाग के कर्मियों का समय पर प्रमोशन नहीं होने का भी मुद्दा उठाने मांग की।

स्टील क्लब के सामने की सड़क चौड़ी करने चर्चा

नगर सेवाएं विभाग के महाप्रबंधक प्रभारी सुब्रत प्रहराज ने यूनियन नेताओं को बताया कि नई लाइसेंस स्कीम पर काम चल रहा है जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने गैरेज रोड एवं स्टील क्लब सेक्टर 8 के सामने की रोड को जल्द चौड़ा करने का आश्वासन दिया।