हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की छात्रा ज्ञानेश्वरी यादव ने नोएडा में खेलो इंडिया के तहत हुई भारोत्तोलन स्पर्धा में महिला वर्ग में 49 किलोग्राम वर्ग में एक नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया। ज्ञानेश्वरी ने प्रतियोगिता में कुल 173 किलोग्राम वजन उठाया, जो अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता के भारोत्तोलन इवेंट में एक राष्ट्रीय रिकार्ड है।
इसी वजह से उनका चयन जुलाई में दिल्ली में होने वाली कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए किया गया है। इसके लिए वह गुरुवार से ही पटियाला स्थित एनआईएस सेंटर से जुड़ जाएगी। वहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। ज्ञानेश्वरी की मां गृहिणी और पिता पेशे से इलेक्ट्रिशियन हैं।
उनके कोच अजय लोहार ने बताया कि स्पर्धा के दौरान स्नैच में 76 किलोग्राम और जर्क में 97 किलोग्राम वजन उठाई। इससे पहले उन्होंने कालिकट विश्वविद्यालय केरल में हुई अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन स्पर्धा में 169 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान प्राप्त किया था। इस तरह उन्होंने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन खेलकूद स्पर्धा के अपने राष्ट्रीय रिकार्ड को तोड़ते हुए भारोत्तोलन स्पर्धा में नया रिकार्ड बनाया।
वर्ल्ड चैंपियनशिप की वजह से पिछली बार चूकीं
विवि के खेल संचालक और टीम के मैनेजर डॉ. दिनेश नामदेव ने बताया कि ज्ञानेश्वरी पिछले साल ग्रीस में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व की थी। इसकी वजह से वह पिछले साल हुई खेलो इंडिया यूथ में शामिल नहीं हो पाई थी। इस बार स्पर्धा में शामिल हुई और स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वह दिग्विजय कॉलेज राजनांदगांव में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। कुलपति डॉ. अरुणा पल्टा ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सर्वश्रेष्ठ वेटलिफ्टर का जीता खिताब, सम्मानित हुईं
प्रतियोगिता में अपने वजन वर्ग में सबसे अधिक वजन उठाकर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब भी हासिल किया। इसी आधार पर जुलाई में दिल्ली में होने वाली कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए उनका चयन हुआ है। वह इन दिनों एनआईएस सेंटर पटियाला में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। इससे पहले उन्होंने ग्रीस में हुई विश्व चैंपियनशिप में 157 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था। इसके लिए उन्हें राज्य अलंकरण समारोह में पुरस्कृत किया गया था |