भिलाई - द्वारिका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती बुधवार को भिलाई प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तेजी से बढ़ रहे धर्मांतरण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण केवल छत्तीसगढ़ राज्य ही नहीं पूरे देश में तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोग प्रलोभन में आकर धर्म परिवर्तन कर रहे हैं। इसलिए जिन प्रलोभन के चलते वो ऐसा कर रहे हैं, सरकार को वो सुविधाएं जनता को मुहैय्या करानी चाहिए।
शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती भिलाई प्रवास के दौरान श्रीशंकाराचार्य मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज फाउंडर आईपी मिश्रा के निवास नेहरू नगर में रुके। छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ जिलों में धर्म परिवर्तन तेजी से हो रहा है। शंकराचार्य ने कहा कि उन्होंने इसे लेकर एक सर्वे कराया है। उसमें ये रिपोर्ट आई है कि हर राज्य के 4-5 जिलों को टारगेट करके वहां अधिक धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सरकार को चाहिए कि वो लोगों को वो सुविधाएं दे, जिन्हें पाने की लालच में वो लोग धर्म परिवर्तन करने को मजबूर हैं। यदि ऐसा हुआ तो धर्म परिवर्तन निश्चित रूप से बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा सभी राज्यों में सड़कों का विकास तेजी से हुआ है, लेकिन अभी कई गांव ऐसे हैं, जहां लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सरकार इस पर ध्यान दे, क्योंकि ऐसी जगहों पर ही अधिक धर्म परिवर्तन हो रहा है।
देश के बड़े उद्योगपतियों और धनाड्य लोगों को आना होगा सामने
शंकराचार्य ने कहा कि धर्म परिवर्तन रोकने की जिम्मेदारी केवल सरकार की ही नहीं है, हम सब की है। यदि देश के बड़े उद्योगपति और धनाड्य समाजसेवी ऐसे क्षेत्रों पर ध्यान दें और लोगों को कुछ सविधाएं दे पाएं तो लोग कभी भी धर्म परिवर्तन की ओर नहीं जाएंगे।
नशे से नष्ट होता है व्यक्ति का स्वाभाविक ज्ञान
शंकराचार्य ने नशे के खिलाफ बोलते हुए कहा कि नशा करने से व्यक्ति का स्वाभाविक ज्ञान नष्ट होता है। सरकार को चाहिए कि वो शराब जैसे नशे को बंद करने की पहल करे। नशे से व्यक्ति धन और स्वास्थ्य दोनों खो देता है।