70 मोबाइल भी किए गए जब्त अब होगी कार्रवाई : विवि की वार्षिक परीक्षा में इस बार 450 नकलची पकड़े गए

त्वरित ख़बरें - निशा बिस्वास छत्तीसगढ़ ब्यूरो

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की शिक्षा सत्र 2022-23 की वार्षिक परीक्षा में इस बार 450 नकल प्रकरण बनाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न परीक्षा केंद्रों में मोबाइल में नकल सामग्री डाउनलोड कर परीक्षा में नकल करते हुए 70 परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। इनके खिलाई नकल प्रकरणों (यूएफएम) के नियमों के तहत तीन श्रेणी में कार्रवाई की जाएगी। नकल की गंभीरता के आधार पर किसी का पर्चा रद्द किया जा सकता है तो किसी का परीक्षा परिणाम शून्य किया जा सकता है। वहीं कुछ लोगों को एक साल के लिए परीक्षा देने से रोका भी जा सकता है।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि नकल प्रकरणों के निराकरण के लिए यूएफएम कमेटी बनाई गई है। प्रकरणों की समीक्षा की जा रही है। मोबाइल की भी जांच की जा रही है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इन दिनों परीक्षा के बाद नतीजे भी जारी किए जा रहे हैं। इसके तहत एमए इतिहास पूर्व में शामिल 432 परीक्षार्थियों में से 364 परीक्षार्थी सफल रहे। इसी प्रकार एमए अंतिम इतिहास में शामिल 359 परीक्षार्थियों में से 337 परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया। 6 के नतीजे रोके गए। इसी तरह एमए पूर्व भूगोल में शामिल 188 परीक्षार्थियों में से 149 को उत्तीर्ण घोषित किया गया। एमए अंतिम भूगोल में शामिल 156 परीक्षार्थियों में से 144 परीक्षार्थी सफल रहे। 5 के नतीजे रोके गए। इसी तरह बीए बीएड भाग 3 में शामिल 49 परीक्षार्थियों में 42 परीक्षार्थी सफल रहे।