घर में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई :

त्वरित खबरे :

15 मई 2023

जांजगीर-चाम्पा। घर में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई, जब नवविवाहित सेना के जवान के साथ तीन लोगों की संदिग्ध हालत में लाश मिली. तीनों की मौत के जहरीली शराब पीने से होने की आशंका जताई गई है.

जानकारी के अनुसार, सेना के जवान रोकदा निवासी नंदलाल कश्यप की दो दिन पहले शादी हुई थी, जिसके बाद आज गांव के लोगों को भोज के लिए आमंत्रित किया गया था. मृत नंदलाल कश्यप दो अन्य लोगों – परस राम साहू और सतीश कश्यप के साथ सुबह दाल पिसाने के लिए निकला था. बीच में तीनों ने कोचिया से देसी शराब खरीदकर पिया, जिसके बाद तीनों बेहोश हो गए.

जानकारी होने पर तीनों को नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डाक्टर ने तीनों को मृत घोषित किया. मृतकों को पोस्ट मार्टम के लिए नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है.

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल जहरीली शराब से मौत की खबर सुनकर नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. संदिग्ध मौत के मामले में सरकार पर आरोप लगाया. इसके साथ तीनों लोगों की मौत पर सरकार से 50-50 लाख रुपए मुआवजे की मांग करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने सरकार से अपना वादा निभाए और छत्तीसगढ़ में शराब पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि 2000 करोड़ का शराब घोटाला हुआ. कई बड़े लोगों का नाम सामने आया है.