Jeta Ram Success Story: पड़ोसी के घर पहली बार देखा कंप्यूटर, सनक ऐसी चढ़ी कि बना दी 215 करोड़ की कंपनी
Success Story: आदमी के पास अगर हौसला और हुनर हो, तो कोई भी बाधा उसकी राह में रोड़ा नहीं बन सकती. यह बात साबित की है राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले जेताराम चौधरी (Jeta Ram Choudhary) ने. 215 करोड़ रुपये के सालाना टर्नओवर वाली कंपनी एबीएस सॉलयूशन (ABS Solutions) के फांउडर जेताराम ने कंप्यूटर पहली बार पड़ोसी के घर देखा था. पहली बार कंप्यूटर देखकर जेताराम ने कंप्यूटर की फील्ड में ही कुछ करने की ठानी. लेकिन कंडक्टर बाप के बेटे जेताराम की इस चाहत के आड़े उनके घर के आर्थिक हालात आ गए. उनके पिता के पास इतने पैसे नहीं थे कि वे जेताराम को कंप्यूटर कोचिंग के लिए जयपुर भेज सके. लेकिन, जेताराम ने हिम्मत नहीं हारी और एक कंप्यूटर सेंटर पर ही काम करना शुरू कर दिया.
अपने दम पर जेताराम ने कंप्यूटर में विशेषज्ञता हासिल की. लेकिन उनका इरादा कोई कंप्यूटर सेंटर खोलना नहीं था. वे कुछ बड़ा करना चाहते थे. कुछ अलग कर गुजरने की चाहत लिए जेताराम ने वो करने की ठानी जिसके बारे में आम युवा सोच भी नहीं सकता. उन्होंने अपनी एक डिजिटल सॉल्यूशन कंपनी खोलने का मन बनाया. जुलाई 2018 में उन्होंने एएसबी डिजिटल सॉल्यूशंस नाम की एक कंपनी रजिस्टर कराई.
5 साल में करोड़ों का टर्नओवर
जेताराम ने जब कंपनी बनाई तो उनके दिमाग में आगे बढ़ने का एक पूरा खाका बन चुका था. उन्हें विश्वास था कि वे अपनी मेहनत और हुनर की वजह से कंपनी को नई ऊंचाईयों पर ले जा सकते हैं. ऐसा उन्होंने कर भी दिखाया है. पांच साल में ही एएसबी सॉल्यूशन्स का टर्नओवर अब सालाना 215 करोड़ रुपये हो चुका है. कभी कंप्यूटर सेंटर पर काम करने वाले जेताराम का जोधपुर में कॉर्पोरेट ऑफिस है और सैकड़ों लोग उनसे जुड़कर कमाई कर रहे हैं.